बलरामपुर। कश्मीर के पहलगाम में बीते दिनों हुए आतंकी हमले को लेकर लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी जिले भर में अलग-अलग संगठनों द्वारा कैंडल मार्च निकालकर आतंकी घटना का विरोध किया गया। लोगों ने मोमबत्ती जलाकर आतंकी घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगर स्थित डीएवी इंटर कॉलेज के पास समाजवादी पार्टी की तरफ से मौन जुलूस निकाला गया। मोमबत्ती जलाकर सपा कार्यकर्ता आतंकवादियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वीर विनय चौराहा पहुंचे। यहां पर आतंकी घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस अवसर पर सपा सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव संजय तिवारी, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मनीष सोनकर, साधु पासवान, विजय मौर्य, विशाल श्रीवास्वत, वंदना पांडेय व आरके गुप्त सहित तमाम सपाई मौजूद रहे।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने वीर विनय चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए आतंकवाद का पुतला फूंका। विभाग मंत्री सुबीर श्रीवास्तव व जिलाध्यक्ष रामकृष्ण सिंह ने कहा कि आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब मिलना चाहिए। इस घटना से पूरे देश में आक्रोश है। इस अवसर पर कमलेश त्रिपाठी, बबलू सिंह, विजय शुक्ल, हर्षित सोनी, आशीष शुक्ल, अंशुमान आर्य व भानु सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी आंबेडकर वाहिनी ने बृहस्पतिवार की रात आंबेडकर तिराहे से गैसड़ी विधायक राकेश यादव के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला। पाकिस्तान व आतंकवादियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैंडल मार्च वीर विनय चौराहा पहुंचकर समाप्त हुआ। विधायक ने कहा कि आतंकी घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है। सरकार को आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इस अवसर पर सपा नेता ओंकार नाथ पटेल, जिला उपाध्यक्ष इकबाल जावेद, महादेव प्रसाद साहू, सुनील चौधरी, ध्रुव चौधरी व सतीश यादव सहित तमाम सपाई मौजूद रहे।
गैसड़ी नगर में सनातन जागृति मंच द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया। लोगों ने मोमबत्ती जलाकर पहलगाम आतंकी घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि सरकार को ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए। इस अवसर पर मदनलाल जायसवाल, अजय कुमार सैनी, दीपक जायसवाल, अशोक गुप्त व अंकुर जायसवाल आदि मौजूद रहे। इसी तरह हरैया सतघरवा में भी पहलगाम आतंकी घटना को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। समाजसेवी अक्षय श्रीवास्तव के नेतृत्व में लोगों ने मोमबत्ती जलाकर मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडल मार्च में रामबाबू तिवारी, विशाल कसौधन, राजन गुप्त, राहुल कसौधन, दीपक कुमार, चमन कसौधन व हर्षित पटवा सहित तमाम लोग शामिल रहे।