गैसड़ी/ तुलसीपुर (बलरामपुर)। नगर निकायों में बनने जा रही शहर की नई सरकार के सामने कई मुश्किलें होंगी। गैसड़ी व तुलसीपुर नगर पंचायत में कहीं पर जल निकासी की समस्या तो कहीं पर कूड़ा निस्तारण का समुचित प्रबंध नहीं है। हालांकि आम लोग समग्र विकास की उम्मीद संजोए हुए हैं। पेश है रिपोर्ट :
गैसड़ी में कदम-कदम पर समस्याएं
नवगठित नगर पंचायत गैसड़ी की आबादी 25 हजार के करीब है। 15 वार्ड में 12886 मतदाता हैं। यहां पर साफ-सफाई की व्यवस्था ध्वस्त है। सड़कें गड्ढों में तब्दील है। जगह-जगह पाइप लाइन टूटी है। जलभराव के चलते जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। मुख्य मार्ग पर साप्ताहिक बाजार लगने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। सार्वजनिक सुलभ शौचालय तक का अभाव है। कूड़ा निस्तारण का प्रबंध नहीं है।
तुलसीपुर में समस्याओं की भरमार
तुलसीपुर नगर पंचायत में करीब 31 हजार की आबादी है। यहां पर सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। नालियां चोक हैं। सीवर प्लांट के लिए जमीन तो चिन्हित कर ली गई है लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इसके अतिरिक्त कूड़ा निस्तारण के लिए जमीन तक की खोज नहीं हो सकी है। बस स्टेशन न होने के कारण दूर दराज से आने वाले श्रद्घालुओं को समस्या हो रही है।
जल निकासी का हो प्रबंध
जरवा रोड पर पुराने नाले की सफाई न होने से पट गया है। ऐसे में जल निकासी के लिए उसकी सफाई का प्रबंध किया जाना आवश्यक है।
-दीपक जायसवाल
स्वच्छता को लेकर हो प्रयास
गैसड़ी में पुलिस चौकी के पास जरवा रेलवे क्राॅसिंग के पास कई साल से कूड़े का ढेर लगा है। इससे आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-सुशील वर्मा
पेयजल का हो समुचित प्रबंध
गैसड़ी में पेयजल का समुचित प्रबंध नहीं है। पानी की टंकी से पूरे बाजार में आपूर्ति नहीं हो रही है। आधा-अधूरा पाइप लाइन बिछा हुआ है। कई जगह टंकी क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी आ रहा है।
-डॉ. संतोष कुमार सिंह