बलरामपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी को जिले में कार्यक्रमों की धूम रहेगी। एमपीपी इंटर कॉलेज से मतदाता जागरूकता के लिए विद्यार्थियों की रैली निकाली जाएगी। एमएलके महाविद्यालय में वोटरों को वोटिंग करने के लिए शपथ दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान कोविड-10 प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम श्रुति ने सभी विभागों के अफसरों व कर्मियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से कराने का निर्देश दिया है।
डीएम ने सोमवार को बताया कि 25 जनवरी को 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रमों को कराने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस दिन पूर्वाह्न 10 बजे एमपीपी इंटर कॉलेज से सदर एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, सीओ सिटी वरुण मिश्रा, डीआईओएस गोविंद राम, बीएसए डॉ. रामचंद्र, प्रधानाचार्य व अन्य की मदद से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ विद्यार्थियों की रैली निकाली जाएगी।
नगर भ्रमण कर रैली एमएलके महाविद्यालय में पहुंचेगी। एमएलके पीजी कालेज के प्रोफेसर/स्वीप कोआर्डिनेटर डॉ. आरके पांडेय आदि रैली का स्वागत करेंगे। डीआईआएस व बीएसए जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रम कराएंगे। एमएलके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर महाविद्यालय में शपथ ग्रहण समारोह कराएंगे।