नोएडा में लगे ट्रेड शो में बलरामपुर के उत्पाद का लगा स्टाल।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। अब मेरठ, लखनऊ व गोरखपुर में भी बलरामपुर में बनने वाले बेचे जाएंगे। नोएडा के पांच दिवसीय इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्टॉल लगाने वाले जिले के दोनों उद्यमियों को ऑफर मिल रहे हैं। बलरामपुर में बने उत्पादों की देश के कई शहरों में बिक्री होगी, इससे कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
देहली बेकरी के प्रोपराइटर रजीउद्दीन खान व कुमार मसाला उद्योग के निर्माता उमेश चंद्र अग्रवाल ने नोएडा के पांच दिवसीय इंटरनेशनल ट्रेड शो में अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाया है। इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए अपने उत्पादों काे देश-विदेश में पहुंचाने के लिए जिले के उद्यमियों में उत्सुकता दिख रही है।
रजीउद्दीन ने बताया कि शो के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को गोरखपुर के हिमांशु वाजपेई, लखनऊ के निरंजन चौहान व मेरठ के दीपक कुमार ने देहली बेकरी में बनने वाले उत्पादों की अपने शहर व गांवों में बिक्री करने का ऑफर दिया है। पसंद आने पर बड़ी मात्रा में खरीदारी का ऑफर भी दे रहे हैं। देहली बेकरी कारोबार को देश भर में बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उमेश चंद अग्रवाल के बेटे अमर प्रेम ने बेसन व अन्य उत्पादों का स्टॉल लगाया है। अमर ने बताया कि इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामिल उत्पादों की अच्छी डिमांड आ रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिलेगी पहचान
नोएडा में आयोजित होने वाले दूसरे पांच दिवसीय इंटरनेशनल ट्रेड शो में जिले के दोनों उद्यमियों ने ऑफर मिल रहा है। ट्रेड शो में देश-विदेश के खरीदार आ रहे हैं जो इनके उत्पादों को अंतर राष्ट्रीय बाजार में नई पहचान देंगे। जिले के दोनों उद्यमियों का कारोबार बढ़ेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। - राजेश कुमार पांडेय, उपायुक्त उद्योग