बलरामपुर के नगर पंचायत तुलसीपुर में कार्यभार ग्रहण करने के बाद सभासदों से वार्ता करती अध्यक्ष क
तुलसीपुर/बलरामपुर। शपथ ग्रहण के बाद सोमवार को नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के अध्यक्ष ने कार्यालय में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला के कार्यालय में अध्यक्ष के आगमन को लेकर तैयारियां चल रहीं हैं। जबकि गैसड़ी के अध्यक्ष को कार्यभार ग्रहण करने के लिए कार्यालय में संसाधनों का इंतजार है।
नगर पंचायत तुलसीपुर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कहकशां फिरोज ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। अध्यक्ष ने कार्यालय सभागार में सभासदों से वार्ता कर वार्डों की स्थिति जानी। सभासदों से उनके वार्ड से जुड़ी समस्या भी पूछी। अध्यक्ष ने कहा कि बरसात को देखते हुए जल्द ही नालों की सफाई कराई जाएगी। जिससे बरसात में जलभराव की समस्या से बचा जा सके। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पंचायत पचपेड़वा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि वर्मा ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद रामलीला मौदान, रमेश लोहिया, प्राइमरी पाठशाला और मुनीर महतो वार्ड का निरीक्षण किया। अध्यक्ष ने वार्डों में व्याप्त गंदगी के साथ ही नगर के बीच स्थित नाले की सफाई कराने की बात कही। लोगों से बात करते हुए वार्ड की समस्या जानी और उसे शीघ्र निस्तारित कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान अध्यक्ष के साथ वार्डों के सभासद व कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद उतरौला की अध्यक्ष सविता गुप्ता ने बताया कि अधिशासी अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण कार्यभार ग्रहण नहीं किया जा सका। उनके लौटने पर ही कार्यभार ग्रहण किया जाएगा। नगर पंचायत गैसड़ी के अध्यक्ष प्रिंस वर्मा ने बताया कि कार्यालय में अभी कोई व्यवस्था नहीं है। अधिशासी अधिकारी से वार्ता की गई है। व्यवस्था होते ही कार्यभार ग्रहण कर लिया जाएगा।
हवन-पूूजन कर आज कार्यभार ग्रहण करेंगे बलरामपुर के चेयरमैन
बलरामपुर। स्थानीय नगर पालिका परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू मंगलवार को कार्यालय पहुंचकर हवन-पूजन करेंगे। इसके बाद कार्यभार ग्रहण कर नगर के सरकार की कमान संभालेंगे। अध्यक्ष के आगमन को लेकर सोमवार को कार्यालय में तैयारियां जोरों पर रहीं। कार्यालय के भवन को भगवा रंग में रंगने के बाद अब अध्यक्ष के कक्ष व सभागार को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। अध्यक्ष व सभासदों को बैठने के लिए नई कुर्सियां भी मंगवाई गई हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने बताया कि हमारी संस्कृति में किसी भी नए कार्य की शुरुआत हवन-पूजन से होती है, मंगलवार को कार्यालय में पूजा-पाठ कर नगर की सूरत संवारने का कार्य आरंभ करूंगा।