बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में बुधवार को पहली बार क्रीड़ा परिषद की बैठक हुई। इसमें विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं शुरू कराने की तैयारियों पर चर्चा हुई। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए खेल कैलेंडर तैयार करने और अधिक से अधिक महाविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
बैठक में तय किया गया कि ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी (एआईयू) की खेल समय-सारणी के अनुसार विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों का खेल कैलेंडर तैयार किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन के लिए निर्णायकों और पर्यवेक्षकों का पैनल गठित किया जाएगा। खिलाड़ियों को आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने के लिए खरीद उपसमिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। क्रीड़ा परिषद के कार्यों में आवश्यक परामर्श देने के लिए तीन सदस्यीय सलाहकार समिति गठित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने की। इस दौरान कुलसचिव परमानंद सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद