बलरामपुर। गोरखपुर-अयोध्या (फैजाबाद) शिक्षक निर्वाचन की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम पवन अग्रवाल ने मतदेय स्थलों व मतदाताओं की संख्या के बारे में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। जनपद में 10 बूथों पर मतदान कराने की तैयारी है।
जिलाधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। डीएम ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया, यहां सभी कैमरे संचालित पाए गए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने रैंडम आधार पर पुरानी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग देखी। डीएम ने वेयरहाउस में साफ-सफाई, सुरक्षा बलों की सतत निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान विधानसभा व लोकसभा की मतदाता सूची के पुनरीक्षण की भी समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय व डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय आदि मौजूद रहीं।
निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण पर बैठक
निरीक्षण के बाद डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट में बैठक की। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन-2025 एवं निर्वाचक नामावली के सतत पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी। डीएम ने बताया कि जिले में शिक्षक निर्वाचन के लिए 10 मतदान स्थल और 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बताया कि जो भी व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाया है, वह फार्म-06 भरकर आवश्यक दस्तावेज के साथ नाम दर्ज करा सकता है।