बलरामपुर। मजिस्ट्रेटों की निगरानी में बकरीद मनाया जाएगा। जिले के सभी 13 थानों पर 15-15 सफाई कर्मियों तथा दो-दो बिजली कर्मियों को बकरीद के दिन तैनात किया जाएगा। थानों पर एंबुलेंस व चिकित्सीय टीमों की भी तैनाती रहेगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में सभी अफसरों को निर्देश दिए हैं।
एडीएम ने कहा कि बकरीद, सावन सोमवार, 15 अगस्त व रक्षाबंधन को मद्देनजर रखते हुए प्रशासनिक व्यस्था को चुस्त-दुरुस्त कर दिया गया है। त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए मजिस्ट्रेटों को तैनात कर दिया गया है। ईओ नगर पालिका व नगर पंचायत अपने-अपने नगरों में बिजली एवं सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे।
धार्मिक स्थलों पर चूने व पानी के छिड़काव की व्यवस्था करेंगे। मस्जिदों/ईदगाहों के व्यवस्थापकों से संपर्क कर उनकी अनुमति से साफ-सफाई की व्यवस्था परंपरागत मार्गों की कराएंगे। बकरीद के दिन कुर्बानी दिए जाने वाले पशुओं के अवशेषों का बेहतर ढंग से निस्तारण की व्यवस्था कराई जाए। इस व्यवस्था की जिम्मेदारी तीनों तहसीलों के एसडीएम व चारों नगर निकायों के ईओ को सौंपी गई है। तैनात किए गए सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष से विचार विमर्श कर समस्याओं का निराकरण कराएं।
डीपीआरओ नरेश चंद्र को 10-10 सफाई कर्मियों की ड्यूटी हर थानों पर लगाने, ईओ नगर निकायों को पांच-पांच सफाई कर्मी प्रत्येक थाने पर लगाने के निर्देश दिए गए है। एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन सुनील कुमार व रमेश चंद्र को दो-दो विद्युत कर्मी तथा सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह को एंबुलेंस व चिकित्सकीय टीमों को थाने पर लगाने की जिम्मेदारी दी गई है।
एसपी देवरंजन वर्मा ने त्योहारों को शांतिपूर्वक बनाने के लिए जिले के सभी 13 थानों में मिनी कंट्रोल रूम की स्थापना की है। बकरीद के दिन सभी कर्मियों को प्रात: 6 से सायं चार बजे तक ड्यूटी पर रहने का निर्देश दिया गया है। नमाज के वक्त रुट डायवर्जन की व्यवस्था कराई गई है। सूकर पालकों को बाड़ों में सुअरों को रखने का निर्देश दिया गया है।