बलरामपुर। 69 हजार शिक्षक भर्ती के द्वितीय चरण में छूटे 79 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बेसिक शिक्षा दफ्तर परिसर में अभ्यर्थियों के अभिलेखों की काउंसिलिंग कराने के लिए दो काउंटर तैयार करा दिये गए हैं।
डायट प्रवक्ता व बीईओ की संयुक्त टीमें काउंटरों पर 9 से 11 दिसंबर तक छूटे अभ्यर्थियों के अभिलेखों का मिलान करके काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी कराएंगे। बीएसए डॉ. रामचंद्र ने छूटे सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि में काउंसिलिंग कराने की अपील की है।
बेसिक शिक्षा दफ्तर के वरिष्ठ सहायक रक्षाराम ने मंगलवार को बताया कि सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के निर्देश पर 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में प्रथम चरण के दो और दूसरे चरण के 77 छूटे अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जाएगी।
शासन ने काउंसिलिंग कराने के लिए 9 से 11 दिसंबर की तिथि निर्धारित किया है। काउंसिलिंग कराने के लिए बेसिक शिक्षा दफ्तर परिसर में एक पुरुष और एक महिला के दो काउंटर तैयार करा दिये गए हैं।
दोनों काउंटरों पर प्रात: 10 बजे से सायं पांच बजे तक तीन दिवसीय काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच की जाएगी। बीएसए ने बीईओ मनीराम व डायट प्रवक्ता आशीष कुमार मौर्य को पुरुष काउंटर के और बीईओ महेंद्र कुमार व डीसी प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी को महिला काउंटर के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग करके उनके अभिलेखों की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
अभ्यर्थियों को प्रत्येेेेक दिवस के काउंसलिंग तिथि में बेसिक शिक्षा कार्यालय परिसर में प्रात: 9 बजे उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। काउंसिलिंग कराने वाली टीमों को दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ करने को बीएसए ने कहा है। ड्यटी के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ बीएसए ने विधिक कार्रवाई किये जाने की चेतावनी दी है।