बलरामपुर। महारानी लाल कुंवरि (एमएलके) पीजी कॉलेज सभागार में मंगलवार को प्री-पीएचडी कोर्स वर्क की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह के दिशा-निर्देशन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय के संयोजन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं डॉ. एके दीक्षित के मंगल गान से हुआ। इसके बाद सभी शोध निर्देशकगणों ने अपना परिचय देते हुए अपने-अपने शोध क्षेत्रों का उल्लेख किया। इसके बाद शोधार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी शोध रुचियों को साझा किया। डॉ. जितेंद्र कुमार ने प्री-पीएचडी कोर्स वर्क की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के सदस्य डॉ. बसंत कुमार ने कक्षाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि महाविद्यालय में उपलब्ध शोध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए प्रत्येक शोधार्थी को एक योग्य शोधकर्ता बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कॉलेज में इंटरनेट युक्त कंप्यूटर लैब, वाई-फाई कैंपस, स्मार्ट क्लासेज और समृद्ध पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
संचालन प्रो. श्रीप्रकाश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रो. एके द्विवेदी, प्रो. वीणा सिंह, प्रो. राघवेंद्र सिंह, प्रो. एम अंसारी, प्रो. विमल प्रकाश वर्मा, प्रो. रेखा विश्वकर्मा, डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, मोहम्मद तारिक कबीर व डॉ. आरके शुक्ला आदि मौजूद रहे। शोधार्थियों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।