बलरामपुर। गुरुकुल एकाडमी महेशभारी में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें योग प्रशिक्षक डॉ. अमरजीत ने छात्राओं को योग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ने के साथ पढ़ाई में एकाग्रता भी आती है।
योग प्रशिक्षक ने छात्राओं को अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही विभिन्न योगासन कराकर उनकी सही विधि भी बताई। उन्होंने कहा कि नियमित योग से मन शांत रहता है और तनाव कम होता है। पढ़ाई के दौरान मन भटकने और याद करने में परेशानी होने पर योग व प्राणायाम काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
उन्होंने छात्राओं को नियमित दिनचर्या अपनाने, पर्याप्त नींद लेने और पढ़ाई के समय मोबाइल से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। प्रबंधक शिखा मिश्रा ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। योग उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक है।
वरिष्ठ शिक्षक उमेश मिश्रा ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच जरूरी है। छात्राएं योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर बेहतर परिणाम हासिल कर सकती हैं। कार्यक्रम में कोआर्डिनेटर दीपक ओझा, सुरभि, रेनू मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, शिवपूजन, नौमेश, सूरज, महविश, प्रीति और पूजा ने भी विचार रखे।
- सवाल : पढ़ाई करते समय नींद आए तो क्या करें? तेजस्वनी यादव, छात्रा।
जवाब : पर्याप्त नींद लें। पढ़ाई के बीच थोड़ा टहलें और प्राणायाम करें।
- सवाल : पढ़ा हुआ लंबे समय तक याद कैसे रखें? नैंसी, छात्रा
जवाब : नियमित दोहराव करें। ध्यान और प्राणायाम से एकाग्रता बढ़ाने का प्रयास करें।
- सवाल : परीक्षा के समय घबराहट कैसे दूर करें? राधा, छात्रा
जवाब : गहरी सांस लें और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करें।
- सवाल : पढ़ाई के लिए सुबह का समय बेहतर है या रात का? निष्ठा, छात्रा।
जवाब : जब मन शांत और शरीर तरोताजा हो, वही समय पढ़ाई के लिए बेहतर है।