बलरामपुर। सीसीटीवी की सुरक्षा निगरानी में यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा बृहस्पतिवार 25 जनवरी से शुरू होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने बुधवार को एक बैठक कर प्रयोगात्मक परीक्षाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
जिले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 169 विद्यालय है। इनमें 22 राजकीय, 19 वित्त पोषित व 128 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 35 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 20 हजार 988 और इंटरमीडिएट के 13 हजार 370 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। लिखित परीक्षा की तरह पहली बार बोर्ज की प्रयोगात्मक परीक्षा भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जा रही है।
परीक्षा की निगरानी के लिए एक सचल दल भी गठित किया जाएगा। यह सचल दल प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्र का भ्रमण करेगा। प्रयोगात्मक परीक्षा देने के लिए केंद्र पर आने वाले परीक्षार्थियों को जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी।