बलरामपुर। इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित रह गए परीक्षार्थियों के लिए नौ और 10 अप्रैल को दोबारा प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए प्रयोगात्मक परीक्षा देने का यह अंतिम अवसर है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार छूटे हुए छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं निर्धारित सहायता प्राप्त विद्यालयों में कराई जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए परीक्षकों के नाम और आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं। बताया कि यह परीक्षा भी मुख्य परीक्षा की तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने विद्यालय के संबंधित छात्र-छात्राओं को तत्काल सूचना देकर निर्धारित तिथियों में परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी संबंधित परीक्षार्थी समय से अपने पंजीकृत विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में सम्मिलित होना सुनिश्चित करें।
परीक्षा के लिए नामित किए गए हैं परीक्षक
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि नौ व 10 अप्रैल को भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा नगर के एमपीपी इंटर कॉलेज में कराई जाएगी। भौतिक विज्ञान के लिए मुनेश्वर कुशवाहा एवं राम आशीष वरुण, रसायन विज्ञान के लिए विमल कुमार मिश्र व आरिफ वाहिद और जीव विज्ञान के लिए मुन्नन खान व उमानाथ उपाध्याय को परीक्षक नामित किया गया है। नगर के डीएवी इंटर कॉलेज में भूगोल की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। इसके लिए अभिनव चंद्र व अजय कुमार सिंह को परीक्षक बनाया गया है। वहीं बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज में गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी। इसमें सुमन यादव परीक्षक होंगी। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान में 150-150, भूगोल में 60 एवं गृह विज्ञान में 30 छूटे हुए परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा देंगे।