फोटो-34-विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर किया गया सम्मानित ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। राजधानी लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप में बलरामपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की होनहार खिलाड़ी प्राची जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है। क्रीड़ा अधिकारी सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्राची को बधाई दी है।
लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में बलरामपुर की खिलाड़ी प्राची जैन ने 24 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग किया। उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर, कानपुर और मेजबान लखनऊ की खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, फाइनल मुकाबले में उन्हें सहारनपुर की खिलाड़ी से हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
प्राची ने अपनी सफलता का श्रेय जूडो प्रशिक्षक विजय शंकर के नियमित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक की मेहनत और अपने निरंतर अभ्यास के कारण वह यह उपलब्धि हासिल कर सकीं।
जूडो प्रशिक्षक विजय शंकर ने बताया कि प्राची नियमित रूप से अभ्यास करती हैं। जिला और मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया था। उन्होंने कहा कि प्राची ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
प्राची के पिता विवेक जैन ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही जूडो खिलाड़ी बनना चाहती थी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में वह लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि रजत पदक जीतकर प्राची ने बलरामपुर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। इस अवसर पर प्रशिक्षक हिना खातून, सूरज कुमार, अभय सिंह, नागेंद्र गिरि और पवन तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।