उतरौला/श्रीदत्तगंज। ग्राम पिपरी कोल्हुई के ग्रामीणों ने बदहाल विद्युत व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम मनोज कुमार सरोज को सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के अंदर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो उतरौला विद्युत उपकेंद्र का घेराव करेंगे।
ग्राम प्रधान रेशमा व प्रतिनिधि सुल्तान खान के नेतृत्व में निजाम अंसारी, सुनील तिवारी, महेंद्र पांडेय, अशोक कुमार व आशू मिश्रा सहित तमाम ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहाकि गांव में लगा ट्रांसफार्मर काफी जर्जर हो चुका है।
कम क्षमता व पुराना होने के कारण ट्रांसफार्मर आए दिन खराब हो जाता है। इससे बिजली आपूर्ति लगातार बाधित रहती है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले तीन दिनों से पूरे गांव की बिजली ठप है। इसके चलते लोगों को बिजली के साथ पानी का संकट भी झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित जेई न तो समस्या का समाधान करा रहे हैं और न ही फोन रिसीव कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी कहाकि क्षेत्र में हाई वोल्टेज आने के कारण आए दिन उपभोक्ताओं के बिजली उपकरण जल जाते हैं और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।
प्रदर्शन के बाद एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने, जर्जर ट्रांसफार्मर बदलने तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि दो दिन के अंदर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो उपकेंद्र का घेराव किया जाएगा।