फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: शहर में कहीं चार तो कहीं सात घंटे गुल रही बिजली

Sat, 19 Sep 2026 10:28 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-23-बलरामपुर में तारों की मरम्मत करते कर्मी ।-स्रोत : विभाग
विज्ञापन
बलरामपुर। बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए अनुरक्षण कार्य चल रहा है, लेकिन इसके चलते होने वाली कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। शहर में कहीं चार घंटे तो कहीं सात घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तुलसीपुर नगर में भी विद्युत मशीनों के परीक्षण और अनुरक्षण कार्य के चलते दोपहर से शाम तक बिजली बंद रही। कलेक्ट्रेट और विकास भवन के साथ जिला मेमोरियल अस्पताल व महिला अस्पताल में बिजली न होने से कामकाज प्रभावित हुआ। उधर, हरैया सतघरवा क्षेत्र के चौधरीडीह फीडर से जुड़े करीब 20 गांवों में एक सप्ताह से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने इससे 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के प्रभावित होने का दावा किया है।
विज्ञापन



दो से शाम पांच तक बंद रहा मुख्य बाजार का फीडर
शनिवार को अनुरक्षण कार्य के चलते पहलवारा फीडर से जुड़े कई इलाकों में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इसके बाद दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक मुख्य बाजार फीडर बंद रहा। घोसियाना, पहलवारा, चर्च रोड, कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कांशीराम आवास समेत कई इलाके प्रभावित रहे।

बाजार क्षेत्र में पथिक होटल, मोती सागर, वीर विनय चौराहा, तुलसीपार्क, घास मंडी, जिला अस्पताल, नगर पालिका और चौक बाजार तक बिजली कटौती का असर रहा। तुलसीपुर नगर में विद्युत मशीनों के परीक्षण और अनुरक्षण कार्य के कारण दोपहर 1:25 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
विज्ञापन



नगर निवासी श्याम अग्रहरि और रमेश गौतम ने कहा कि ऐसी कटौती की जानकारी समय से और स्पष्ट तरीके से दी जानी चाहिए, ताकि लोग पानी समेत जरूरी इंतजाम पहले कर सकें। मुख्य बाजार के इलेक्ट्रिक दुकानदार आसिफ, झालर विक्रेता मनोज और डीजे साउंड दुकानदार अशफाक ने बताया कि दोपहर में बिजली न होने से कामकाज प्रभावित हुआ। बिजली से चलने वाले उपकरण नहीं चल सके और कुछ ग्राहकों को लौटाना पड़ा। दुकानदारों के लिए अनुरक्षण कार्य की अवधि कारोबार प्रभावित होने का कारण बन गई।



20 गांवों में लो वोल्टेज, 10 हजार से अधिक उपभोक्ता परेशान

हरैया सतघरवा क्षेत्र के चौधरीडीह फीडर से जुड़े करीब 20 गांवों में एक सप्ताह से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार इमिलिया, चौधरीडीह, भटपुरवा, रतनवा, बिनौहनी कला, प्रानडीह, मोतीपुर कला, हसनापुर और भगवानपुर समेत कई गांव इसकी चपेट में हैं।

बाबूलाल, जितेंद्र कुमार, छोटेलाल और घनश्याम ने बताया कि समस्या के कारण घरेलू उपकरण ठीक से नहीं चल रहे हैं। सूर्यकांत, वैभव, गुरुप्रसाद और रमेश कसौधन ने बताया कि ई-रिक्शा चार्ज करने में भी दिक्कत हो रही है। पंखे और कूलर तक पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
अधिशासी अभियंता पवन कुमार राय ने बताया कि अनुरक्षण कार्य की सूचना पूर्व में दी गई थी। पूर्व सूचना के अनुसार, पोल, तार व ट्रांसफार्मरों से पेड़ों की टहनियों की साफ-सफाई कराई गई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। अनुरक्षण कार्य होने से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

फोटो-23-बलरामपुर में तारों की मरम्मत करते कर्मी ।-स्रोत : विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें