बलरामपुर। जिले में सोमवार को दिनभर हुई बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। तेज बारिश और कई स्थानों पर फॉल्ट से जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई इलाकों में करीब छह घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम तक विद्युत विभाग की टीमों ने लगातार मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल की।
जिला मुख्यालय के पूरबटोला फीडर से सुबह नौ बजे ही बिजली गुल हो गई। पूरबटोला, खलवा, मेजर चौराहा, भंडारखाना व झंझरा आदि मोहल्ले में नौ से दोपहर तीन बजे तक बिजली गुल रही। नगर के अचलापुर मोहल्ले में पेड़ की डाल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। सिविल लाइन, अचलापुर, नीलबाग पैलेस व खमौवा में तीन घंटे आपूर्ति ठप रही।
उपभोक्ता अखिलेश, सुरेश, उमेश कुमार, पंकज कश्यप, रागिनी व पुष्पा ने बताया कि इस समय बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है। बारिश शुरू होते ही घंटों बिजली कटौती की जाती है। तार टूटने व तकनीकी खराबी के कारण आए दिन बिजली कटौती से परेशान होना पड़ता है। उतरौला नगर व आसपास क्षेत्रों में सुबह बारिश शुरू होते ही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
10 बजे से दोपहर दो बजे तक 25 वार्डों में बिजली गुल रही। दोपहर के समय बिजली कटौती होने से उपभोक्ता व दुकानदार को काफी परेशानी हुई। कंप्यूटर व इलेक्ट्रिक दुकानदारें का काम ठप रहा। उपभोक्ता महेश, रोहित, कमलेश व अशफाक ने बताया कि बारिश शुरू होते ही बिजली गुल हो जाती है। विद्युत विभाग के लापरवाही से तहसील क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गैसड़ी क्षेत्र के रामपुर रेंज कार्यालय पर पांच दिनों से बिजली न आने से कर्मचारियों में काफी असंतोष है। वन क्षेत्राधिकारी भोला सिंह ने बताया कि बगल गांव रमवापुर थारू में बिजली आपूर्ति रहती है, लेकिन रेंज कार्यालय में कटौती रहती है। ऐसे में विद्युत उपकरण बंद हो गए हैं। रात के अंधेरे में रात में जंगली जानवरों का डर बना रहता है। पूरी रात कर्मी मैदान में बैठकर जागते रहते हैं। एसडीओ को बताया गया लेकिन वह ध्यान नहीं दे रहे हैं। रेंजर ने बताया कि जिला मुख्यालय सूचना दी गई है।