जरवा (बलरामपुर)। सोहेलवा जंगल से लगे सीमावर्ती जरवा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में रात भर बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार की रात 10 बजे बिजली कट गई और सारा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। 14 घंटे के बाद शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बहाल हुई। जेई दयाराम ने बताया कि लौकीखुर्द गांव में बिजली का मुख्य तार टूट कर गिर गया था। इस कारण पूरी रात फीडर की बिजली बाधित रही। सुबह लाइनमैन को भेज कर तार दुरुस्त करा दिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली कटौती से पूरी रात जागना पड़ा। घर के बाहर और छत पर रात गुजारनी पड़ी। विद्युत उपखंड तुलसीपुर से जुड़े जिले के सबसे बड़े फीडर कोइलाबास के पिपरा, पिपरी, प्रतापपुर, जरवा, बालापुर, बघेलखंड, नवानगर सहित सैकड़ों गांव के लोग बिजली की कटौती आए दिन बिजली खराबी तथा लो वोल्टेज से परेशान हैं।
रामकुमार, शकील, सुहेल, अमित, कल्लू, पप्पू, सगीर खान आदि ने बताया कि बिजली कटौती से हम सभी बहुत परेशान हैं। आए दिन हो रही बिजली कटौती से इन्वर्टर भी पूरी तरह चार्ज नहीं हो पाता। प्रत्येक आधे से एक घंटे के भीतर बिजली कट ही जाती है।