बलरामपुर। तीन दिनों से शहर में बिजली कटौती की जा रही है। इससे भीषण गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने अधिशासी अभियंता से बिजली कटौती की समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
राकेश, दिनेश, रफीक, असलम, दीपक, मनोज, जितेंद्र, अजय, बलदेव व संजय आदि ने अधिशासी अभियंता को दिए गए पत्र में कहा कि बीते शुक्रवार को दिन व रात में कई बार बिजली कटौती की गई। शनिवार को भी बार-बार बिजली काटी गई। रविवार को कई बार बिजली कटौती की गई। मोहल्ला पहलवारा, सिविल लाइन, अचलापुर, तुलसीपार्क, नई बस्ती, गदुरहवा, चिकनी, धर्मपुर, नहरबालागंज, बलुहा, गर्ल्स इंटर कॉलेज चौराहा, देवी दयाल तिराहा, गदुरहवा व अंधियारी बाग सहित शहर के सभी 25 वार्डाें में बिजली कटौती से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि बार-बार बिजली कटौती पर अंकुश न लगा तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि तय रोस्टर के अनुसार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति कराई जा रही है। लोगों की शिकायत की जांच कराकर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)