बलरामपुर के परसिया कला से बदलपुर जाने वाली सड़क।-संवाद
बलरामपुर। जिला मुख्यालय समेत आठ ब्लॉकों की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। इसके लिए शासन ने बजट जारी किया है। सड़कों के गड्ढामुक्त बनाने में 2.2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग ने सड़कों की मरम्मत के लिए कवायद शुरू कर दी है।
तुलसीपुर विकास खंड के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह हरैया सतघरवा, गैसड़ी व पचपेड़वा में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने में 25-25 लाख रुपये खर्च होंगे। गैसड़ी, हरैया सतघरवा, पचपेड़वा में भी मुख्य मार्ग, राज्यमार्ग एवं ग्रामीण क्षेत्र के मार्गों की मरम्मत पर 25-25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के आवासीय व अनावासीय भवनों की मरम्मत के पर 20 लाख रुपये खर्च होंगे।
क्षेत्रवासी प्रमोद कुमार, शेषराम, राजू कनौजिया, राहुल गुप्ता व विवेक पांडेय आदि ने बताया कि सड़कों की मरम्मत होने से लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इन लोगों ने बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार ने बताया कि शीघ्र ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।