बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए डाक विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। इंडिया पोस्ट की वेबसाइट से कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन झंडा मंगवा सकता है। ऑनलाइन ऑर्डर करने पर डाकिया घर पर जाकर तिरंगा पहुंचाएंगे। 25 रुपये देकर कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन झंडा मंगवा सकता है।
स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक घर पर 15 अगस्त को तिरंगा झंडा फहराया जा सके, इसके लिए डाक विभाग ने झंडों की बिक्री शुरू कर दी है। जिले के सभी डाकघरों में बिक्री के लिए तिरंगा पहुंचा चुका है। डाकघर में 25 रुपये प्रति झंडा बेचा जा रहा है। इसके अलावा डाक विभाग ने ऑनलाइन के माध्यम से भी झंडा मंगाने की व्यवस्था की है। इंडिया पोस्ट की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर कोई भी व्यक्ति अपने घर पर तिरंगा मंगवा सकता है। बुकिंग के लिए ऑनलाइन पेमेंट करने की व्यवस्था है। बुकिंग के दो-तीन दिन के अंदर संबंधित क्षेत्र का डाकिया घर पर झंडा पहुंचा देगा।
9700 तिरंगा बिक्री करने का लक्ष्य
नगर के वीर विनय चौराहा स्थित प्रधान डाकघर में तिरंगा झंडे की बिक्री होने लगी है। डाकघर में 9700 झंडा बेचने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह अन्य डाकघरों में भी बिक्री के लिए झंडा पहुंचाया गया है। ध्वजारोहण के लिए सभी डाकघरों पर झंडा बिक रहा है। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा।
- वासुदेव, पोस्ट मास्टर प्रधान डाकघर बलरामपुर