बलरामपुर। परिषदीय स्कूलों में तैनात पांच शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। बीएसए ने यह कार्रवाई दोहरी नौकरी करने वाले चार और वरासत प्रमाण पत्र न देने वाले एक शिक्षक के विरुद्ध की है।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि पचपेड़वा शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय औरहवा के प्रधानाध्यापक आनंद कुमार तिवारी जांच समिति के सामने उपस्थित नहीं हुए। नोटिस देने के बाद भी प्रधानाध्यापक ने अपना वारिस प्रमाणपत्र अब तक विभाग को उपलब्ध नहीं कराया। चेतावनी के बाद अब आनंद कुमार तिवारी की सेवा समाप्त कर दी गई है।
इसी तरह दोहरी नियुक्ति के आधार पर नौकरी कर रहे तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बरगदही में तैनात शशेंद्र प्रताप सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय रजवापुर के शिक्षक कल्बे हसन, शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बनघुसरी में तैनात प्रधानाध्यापक देशराज सिंह और गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के शिक्षक विजय प्रकाश सिंह पर भी कार्रवाई की गई है। इन शिक्षकों को बार-बार नोटिस दिया गया, लेकिन संबंधित शिक्षकों द्वारा संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी आधार पर इन चार शिक्षकों की भी सेवा समाप्त कर दी गई है।