बलरामपुर के एमएलके महाविद्यालय सभागार में महिला सम्मान बचत पत्र का वितरण करते डीएम अरविंद सिंह
बलरामपुर। डाक विभाग की तरफ से मंगलवार को एमएलके महाविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थारू जनजाति के विशेष उत्पाद डलिया पर डाक टिकट का विमोचन किया गया।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने डाक टिकट का विमोचन करते हुए कहा कि आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर थारू जनजाति की संस्कृति से जुड़े महत्व व विषय वस्तु से आम जनमानस कम परिचित हैं। आमजन को थारू जनजाति की संस्कृति से परिचित कराने के लिए डाक विभाग द्वारा शुरू किया गया पहल सराहनीय है।
डलिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डीएम ने बताया कि थारू जनजाति की शादियों में डलिया का आदान-प्रदान होता है। जो कि आपसी स्नेह का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि थारू जनजाति की सांस्कृतिक विरासत हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उनसे हमें बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। इस दौरान डीएम ने सुकन्या समृद्धि खाता व महिला सम्मान बचत पत्र का वितरण भी किया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी वीके चौधरी, डीआईओएस गोविंद राम, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय, अपर एसडीएम संतोष कुमार ओझा व रामकृपाल शुक्ला सहित तमाम लोग मौजूद रहे।