बलरामपुर के भंभरी गांव में ग्रामीणों की जांच करते चिकित्सक।
महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। क्षेत्र के दो गांवों में आई फ्लू फैलने से 87 लोग बीमार हैं। भंभरी व जहानडीह गांव के अधिकांश बच्चे व बुजुर्ग आंख के संक्रमण से परेशान हैं। सीएचसी तुलसीपुर की टीम ने मंगलवार को भंभरी गांव में कैंप लगाकर 62 मरीजों का उपचार किया।
भंभरी गांव में मेहश शुक्ला (50), श्रवण वर्मा (35), धनीराम (50), नरेश (60), मालती वर्मा (50), आयुषी (12), मनीष (18) व कुसुमा देवी (45) सहित 62 लोग आई फ्लू से पीड़ित हैं। आंखों में लालपन, सूजन, दर्द व सफेद पदार्थ निकलने से लोगों को देखने में परेशानी हो रही है। डॉ. बृजेश पाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में शिविर लगाकर 62 मरीजों का उपचार किया। स्वास्थ्यकर्मी आरबी श्रीवास्तव ने मरीजों का सहयोग किया।
इसी तरह जहानडीह गांव में हेमंत मिश्रा (35), संदीप (30), सिद्धि (12), माही (6), मुकेश (12), जहीर (65), राम छबीले (70), मुर्तुजा (55), फातिमा (50), रामावती (18) व केके मिश्रा (38) सहित गांव के 25 लोग आई फ्लू से पीड़ित हैं। सीएचसी अधीक्षक सुमन सिंह चौहान ने बताया है कि गांव में आई फ्लू फैलने की सूचना मिली है बुधवार को टीम भेजकर मरीजों का इलाज कराया जाएगा।