बलरामपुर। नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन के साथ राजनीतिक दल भी तैयारी में जुट गए हैं। किस मेज पर किसे एजेंट बनाया जाय, कौन किस भूमिका में होगा, इसको लेकर मंथन शुरू हो गया है। पार्टी पदाधिकारी से लेकर प्रत्याशी तक अपनी-अपनी रणनीति बना रहे हैं।
जिले के पांच निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 72 व सदस्य पद के लिए 503 दावेदार मैदान में हैं। चार मई को मतदान के बाद इनके राजनीतिक भाग्य का फैसला 13 मई को होने वाली मतगणना में होगा। स्ट्रांग रूम पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है लेकिन दलों ने भी स्ट्रांग रूम के बाहर चौकसी बढ़ा दी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह कहते हैं कि स्ट्रांग रूम के बाहर तीन शिफ्ट में कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त बूथवार एजेंट बनाने के लिए कागजात जुटाए जा रहे हैं। कहा कि प्रत्याशी भी अपने स्तर से अभिलेख तैयार करवा रहे हैं।
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष परशुराम वर्मा का कहना है कि स्ट्रांग रूम पर कार्यकर्ताओं की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। हर एक मूवमेंट पर नजर है। एजेंट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हर जगह बस सियासी चर्चा
मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं। सोमवार को वीर विनय चौराहे पर चाय की दुकान पर सियासी हलचल को लेकर चर्चा थी। राघवेंद्र का कहना था कि इस बार लड़ाई कांटे की दिख रही है जबकि राजन का कहना था कि त्रिकोणीय लड़ाई के आसार हैं।