बलरामपुर। अपना दल ने ओबीसी आरक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को विरोध जताया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मामले में राष्ट्रपति से जांच व कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अपना दल के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल, मंडल अध्यक्ष अलखराम पटेल, वीरेंद्र पटेल, भानू प्रताप, श्रवण कुमार, कुलदीप, रामपूरन, राजेंद्र प्रसाद, रवि गुप्ता, अय्यूब, ऐश मोहम्मद व बबलू मौर्या आदि ने कलेक्ट्रेट में धरने को संबोधित करते हुए कहा कि 2021 नीट की प्रवेश परीक्षा में सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण लागू नहीं किया है। केंद्र की भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा नीट 2021 की 13 जुलाई 2021 को विज्ञप्ति जारी किया है जिसमें 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लागू नहीं किया गया है।
गरीब सवर्णों का 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है जिसका मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है। ओबीसी आरक्षण लागू न होने से 27 प्रतिशत करीब 11 हजार ओबीसी छात्रों का डॉक्टर बनने से सपना टूट रहा है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें अन्य प्रवेश परीक्षाओं का नौकरियों में अन्य पिछड़े वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण को खत्म करने का कुचक्र रच रही है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदेश सरकार ने 2021 में 69 हजार शिक्षक भर्ती के दौरान ओबीसी आरक्षण का घोटाला किया है जिसमें 58044 ओबीसी सीटों पर सामान्य वर्ग को नियुक्त कर दिया गया है। एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के दौरान 26 जुलाई को प्रदेश भर में पिछड़े वर्ग के लोगों को जागरूक करने के लिए सामाजिक न्याय जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। संवाद