बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड से वाहन रैली को रवाना करते सीएमओ व अन्य।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले के 1066 बूथों पर 23 जून को बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई जाएगी। पांच साल तक के 4,01,487 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बूथ डे के बाद 24 जून से एक जुलाई तक 627 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। यह बात सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह बड़ा परेड़ ग्राउंड से शनिवार को जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कही।
बड़ा परेड ग्राउंड से वाहन रैली रोडवेज डिपो, वीर विनय चौराहा, तुलसीपुर रोड, कालीथान, मेजर चौराहा, चौक, वीर विनय चौराहा से गोंडा रोड भगवतीगंज होते हुए चीनी मिल के निकट केमिकल्स कॉलोनी, फुलवरिया बाईपास, भगवतीगंज चौराहा, उतरौला रोड होते हुए संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर समाप्त हुई।
सीएमओ ने कहा कि छूटे हुए बच्चों को आशा व एएनएम घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। कोई भी बच्चा पोलियो खुराक पीने से वंचित न रहे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बूथ डे पल्स पोलियो अभियान जिला चिकित्सालय से शुभारंभ किया जाएगा।