बलरामपुर। दिल्ली में पकड़े गए आतंकी से बलरामपुर का कनेक्शन होने की सूचना मिलते ही जिले में हड़कंप मच गया। आननफानन सभी 13 थानों की पुलिस सड़कों पर उतर आई। पूरे दिन जिले की सीमाओं तथा प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध वाहनों की छानबीन होती रही। हालांकि छानबीन के दौरान किसी तरह का कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।
वीकेंड लॉकडाउन के बावजूद सड़कों पर हरकत में आई पुलिस को लेकर लोगों में काफी कौतूहल रहा। पुलिस इस तरह जगह-जगह जांच क्यों कर रही यह सवाल कई लोग दिनभर पूछते रहे। देहात थाने की पुलिस श्रावस्ती जनपद व गोंडा जनपद के बॉर्डर पर सघन चेकिंग करती रही। नगर कोतवाल वीर विनय चौराहे तथा भगवतीगंज में वाहनों व व्यक्तियों की छानबीन में मशगूल दिखे।
इसी तरह गौरा और पचपेड़वा थाने की पुलिस सिद्धार्थनगर जनपद बॉर्डर, ललिया तथा हरैया थाने की पुलिस श्रावस्ती जनपद बॉर्डर, महराजगंज तराई, जरवा, तुलसीपुर आदि थानों की पुलिस दिनभर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाश में जुटे रही।