बलरामपुर। बिटिया के साथ सामूहिक दुष्कर्म व दरिंदगी करने वालों को रिमांड पर लेकर फिर से पूछताछ की प्रक्रिया पुलिस ने सोमवार को शुरू कर दी। सभी आरोपियों पर रासुका लगाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। परिजनों की मांग का प्रस्ताव शीघ्र ही मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।
विदित हो कि रविवार को बिटिया के परिजन से मिलने अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी तथा एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार बलरामपुर आए थे। मुलाकात के दौरान परिजनों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग अधिकारियों से की थी। परिजनों ने एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद, सरकारी आवास, बिटिया के भाई को सरकारी नौकरी तथा खेती आदि के लिए जमीन पट्टा दिए जाने की मांग की थी। अधिकारियों ने परिजनों को इंसाफ तथा हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया था।
एएसपी अरविंद मिश्र ने बताया कि सोमवार को मामले के विवेचक सीओ राधारमण सिंह ने जेल में बंद सभी चारों आरोपियों को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। न्यायालय की अनुमति पर मुख्य आरोपी शाहिद का बयान जेल में दर्ज किया गया है। मंगलवार को आरोपियों को रिमांड पर लेने का प्रार्थना पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। सभी आरोपियों पर रासुका लगाने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। शीघ्र ही यह प्रस्ताव अनुमोदन के लिए डीएम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
परिवार की मांग एक करोड़ रुपये आर्थिक मदद, सरकारी नौकरी, सरकारी आवास तथा जमीन पट्टा का प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। करीब पौने दो बीघा जमीन भी पट्टा देने के लिए चिह्नित भी कर ली गई है। सरकारी नौकरी के लिए बिटिया के भाई का बायोडाटा भी भेजा जाएगा। सरकारी नौकरी मिलने तक भाई को तुलसीपुर चीनी मिल में नौकरी देने के लिए मिल प्रबंधन से वार्ता की जा रही है।