बलरामपुर। बीते दिनों दिल्ली में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मुस्तकीम खान उर्फ अबू यूसुफ इस्लामिक स्टेट से इस कदर प्रभावित था कि वह इसकी नीतियों का प्रचार सोशल मीडिया पर करता था। आईएस की प्रचार सामग्री डालकर वह युवाओं को आईएस से जोड़ने का प्रयास भी कर रहा था। इस बात की पुष्टि उसकी गिरफ्तारी के बाद मिले खुफिया इनपुट से हुई है। यूसुफ की पोस्ट लाइन करने वाले युवा अब पुलिस के रडार पर आ गये हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यूसुफ सोशल मीडिया पर आतंकी संगठन आईएस का साहित्य व नीतियां पढ़कर उसे शेयर करता था। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार अब तक करीब डेढ़ हजार युवा उसके इस साहित्य को लाइक कर उससे जुड़ चुके हैं। यूसुफ से जुड़ने वाले युवाओं में ज्यादातर शिक्षित हैं। दिमागी तौर पर कट्टरता की तरफ बढ़ रहे इन युवाओं का इस्तेमाल आतंकी संगठन फिदायीन हमले के लिए कर सकते हैं। यूसुफ फिदायीन हमले के लिए जैकेट बनाने की भी तैयारी कर रहा था। सोशल मीडिया पर यूसुफ के आतंकी संगठन प्रचार सामग्री की गिरफ्त में आए युवाओं की खुफिया एजेंसियां कड़ी निगरानी कर रही है। यूसुफ को इस्लामिक स्टेट खुरासान प्राविंस अफगानिस्तान के आकाओं से निर्देश मिलते थे।
हो रही है छानबीन
यूसुफ की गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेसियों तथा यूपी एटीएस से जो इनपुट मिले हैं उनकी बारीकी से छानबीन कराई जा रही है। यूसुफ के सोशल मीडिया नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है। यूसुफ की साजिश से जो भी जुड़ा होगा उसे बख्शा नहीं जाएगी। -देवरंजन वर्मा, एसपी बलरामपुर