बलरामपुर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते विधायक कैलाश नाथ शुक्ल।
बलरामपुर। मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
नगर के मोहल्ला पहलवारा स्थित शिविर कार्यालय पर प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए सभी वर्गों को समान रूप से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर हुई है। उत्तर प्रदेश गुंडा व माफियाओं से मुक्त हो चुका है।
क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए बताया कि सिरसिया चौधरीडीह, देवीपाटन मार्ग व महराजगंज तराई की सड़क का चौड़ीकरण कराया गया है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत कई गांवों को सड़क से जोड़ा जा रहा है। महराजगंज तराई, तुुलसीपुर व मथुरा बाजार में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण हो चुका है और रमईडीह में स्वीकृत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग जो क्षेत्र की जीवन रेखा है, उसे 200 करोड़ से अधिक बजट से बनवाया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, सह मीडिया प्रभारी संदीप उपाध्याय एवं राघवराम पांडेय आदि मौजूद रहे।