बलरामपुर। गंगा दशहरा के अवसर पर एकल अभियान ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत मंगलवार को नदी पूजन का कार्यक्रम किया गया। राप्ती नदी पर आरती के बाद महिलाओं ने नदी स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
अंचल महिला समिति की अध्यक्ष आद्या सिंह पिंकी, अध्यक्ष मंगल बाबू, अंचल प्राथमिक अध्यक्ष सुनीता मिश्रा व जिला संगठन मंत्री सरोज कुमार ने विधि-विधान के साथ राप्ती नदी की आरती की। अध्यक्ष ने कहा कि नदी स्वच्छ व साफ-सुथरी रहेगी तभी पर्यावरण भी साफ सुथरा रहेगा। सरकार नदी को स्वच्छ रखने के लिए प्रयासरत है, हम सभी लोगों को भी नदियों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लेना होगा। भाजपा सरकार नमामि गंगे के तहत नदियों को साफ सुथरा करने के लिए अभियान चला रही है। नदी में कभी भी गंदगी व कूड़ा करकट आदि न डालें। इस अवसर पर दिनेश कुमार, सुभाष कुमार, सीमा देवी, शकुंतला वर्मा, अमिता सिंह, साधना पांडेय व सुचिता चौहान आदि मौजूद रहीं।