बलरामपुर। संत रविदास की जयंती शनिवार को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाई गई। नगर के मुख्य मार्गों पर शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल लोगों ने संत रविदास के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। शोभायात्रा में कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
संत गुरु रविदास मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य आशीष कुमार गौतम, संतोष कुमार गौतम व बनारसी लाल ने बताया कि संत रविदास की जयंती पर शुक्रवार की शाम कलश पूजन तथा आरती के साथ ही पूरी रात श्रीराम नाम जाप किया गया। शनिवार को मोहल्ला खलवा स्थित संत रविदास मंदिर से शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा बड़े पुल चौराहा, वीर विनय चौराहा, तुलसीपुर रोड, अंबेडकर तिराहा, मेजर चौराहा व सिटी पैलेस रोड होते हुए मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई।
शोभायात्रा में गुरु रविदास की भव्य झांकी सजाई गई। इसके अलावा मीरा बाई, डॉ. बीआर आंबेडकर, गौतम बुद्ध, गुरु नानक व भारत माता की झांकी भी निकाली गई। इस दौरान ननकन, सुनील, धर्मवीर, कमलेश, भगौती प्रसाद, बजरंगी, राम सागर, राज कुमार व राधेश्याम आदि मौजूद रहे।