बलरामपुर। हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण व टीकाकरण बृहस्पतिवार को नगर के मदरसा जामिया अरबिया अनवारुल कुरान अरबी डिग्री कॉलेज में किया गया। शिविर में 122 हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें टीका लगाया गया।
टीकाकरण के लिए सुबह से ही हज यात्री मदरसे में पहुंच गए। पहले सभी ने अपना स्वास्थ्य कार्ड बनवाया, उसके बाद एक-एक करके सभी 122 हज यात्रियों को पोलियो का ड्रॉप पिलाकर टीका लगाया गया। हज यात्रियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।
इस साल जिले से हज की यात्रा पर 401 जा रहे हैं। अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी बालेंदु द्विवेदी ने बताया कि सभी हज यात्रियों का टीकाकरण व अन्य स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही हज पर भेजा जाएगा।
एसीएमओ डॉ. एके शुक्ला ने बताया कि शेष बचे 19 हज यात्रियों को लखनऊ में टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य टीम में डॉ. श्यामजी श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट समीर सिद्दीकी, मलेरिया इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह, मलेरिया सुपरवाइजर पवन यादव, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विजय कुमार, यूनिसेफ के मोहम्मद आरिफ, एएनएम सालिंद्री राय व सोनमती आदि मौजूद रहे।
प्रशिक्षण में हज यात्रियों को दी गई जानकारी
मदरसा जामिया अरबिया अनवारुल कुरान अरबी डिग्री कॉलेज में हज यात्रियों के टीकाकरण से पूर्व मदरसा सभागार में प्रशिक्षण आयोजन किया गया। जिसमें हज यात्रियों को हज के दौरान किन-किन बातों पर ध्यान रखना है, इसके बारे में जानकारी दी गई
शहर मुफ्ती मौलाना मसीह अहमद कादरी ने कहा कि हज की यात्रा पर जाने वाला एक व्यक्ति अपने साथ 44 किलो का सामान और अपने हैंडबैग में 7 किलो तक का सामान साथ ले जा सकता है। मौलाना शमीम अहमद कादरी ने हज यात्रियों को हज के दौरान किन-किन बातों का ख्याल रखना है और किन बातों पर अमल करना है, इसकी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। मदरसे की लिपिक शाहिद महमूद ने हज यात्रियों को हज गाइड बुक वितरित किया। इस अवसर पर मौलाना अब्दुल कय्यूम, कारी फरियाद कारी, इकरार, कारी नवाजिश, जमील व शहनवाज सहित तमाम लोग मौजूद रहे।