बलरामपुर के लालाजोत गांव मोड़ के पास पलटी पिकअप।-संवाद
तुलसीपुर (बलरामपुर)। नथुनिया मोड़ के पास बिजली ठेकेदार के गोदाम से बृहस्पतिवार रात सात लाख रुपये कीमत का तार चुराकर भाग रहे बदमाशों की पिकअप लालाजोत गांव के मोड़ के पास गड्ढे में पलट गई। चोरी की सूचना पर बदमाशों की धरपकड़ करने निकली पुलिस टीम को रात में ही पिकअप गड्ढे में पड़ी मिल गई। मगर बदमाश भाग चुके थे। शुक्रवार सुबह क्रेन से पिकअप को गड्ढे से निकाला गया तो उसके नीचे दबे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पिकअप गोंडा की बताई जा रही है। पुलिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
हरैया थाने के सोनारपुरवा निवासी उदय प्रताप शुक्ल पावर कॉर्पोरेशन के ठेकेदार हैं। तुलसीपुर थाना क्षेत्र में बलरामपुर मार्ग स्थित नथुनिया मोड़ के पास उनका गोदाम है। गोदाम में कर्मचारी बड़कऊ व गौतम रहते हैं। बृहस्पतिवार रात कुछ बदमाश पिकअप से गोदाम पहुंचे और करीब सात लाख रुपये कीमत का बिजली का तार चुराकर भाग गए।
कुछ देर बाद उदय प्रताप को सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने आसपास के इलाके में घेराबंदी करके वाहन चेकिंग शुरू कर दी। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कॉम्बिंग शुरू की तो लालाजोत मोड़ के पास गड्ढे में तार से लदी पिकअप पलटी मिली। मौके पर कोई नहीं था। माल की सुरक्षा के लिए वहां दो पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया।
शुक्रवार सुबह जब क्रेन मंगवाकर पिकअप को गड्ढे से निकाला गया तो एक युवक उसके नीचे दबा मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। उदय प्रताप शुक्ल की सूचना पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। प्रभारी कोतवाल कन्हई प्रसाद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पिकअप वाहन गोंडा का होने की जानकारी मिली है। वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है।