बलरामपुर के विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस को संबोधित करते उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर स
बलरामपुर। रामपुर बगहना के बच्छराज वर्मा ने कहा कि गांव के माता प्रसाद ने 40 हजार रुपये के सापेक्ष सिर्फ 15 हजार रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। घर में इसी माह शादी है लेकिन गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान न होने से समस्या का समाना करना पड़ रहा है। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें बच्छराज की तरह ही अन्य किसानों ने अपना दर्द बयां किया। किसानों की शिकायतों पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।
किसान दिवस में छुट्टा जानवरों से निजात दिलाने का मुद्दा भी छाया रहा। किसानों ने मवेशियों को पकड़वा कर गोशाला में संरक्षित करने की मांग उठाई। उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह ने पिछले किसान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जानकारी दी।
जिला कृषि अधिकारी आरपी राणा ने बताया कि किसानों को कृषि विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि छह हजार किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया गया है। करीब नौ करोड़ रुपये बीमा के रूप में किसानों को प्रदान की गई।
किसानों ने सुनाईं समस्याएं
कोल्हुई के किसान सतीश श्रीवास्तव ने बताया कि छुट्टा जानवरों ने परेशानी बढ़ा दी है। मवेशियों का झुंड खेतों में लगी फसलों को नष्ट कर रहे हैं। लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। अन्नदाताओं की मेहनत पर छुट्टा जानवर पानी फेर रहे हैं।
शेखरपुर के विश्वमोहन ने बताया कि बहराइच मार्ग पर सड़क किनारे प्लाॅटिंग कर लोगों ने छोटी-छोटी पुलिया को पाटकर मकान बनवा लिया है। बारिश में सड़क के दोनों तरफ जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो जाती है।