फोटो-22-बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में मरीज का इलाज करते चिकित्सक ।-संवाद
बलरामपुर। भीषण गर्मी और लू के कारण जिला अस्पतालों में उल्टी-दस्त और पेट दर्द के मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज आ रहे हैं, जिनमें से 150 से 180 मरीज गर्मी जनित बीमारियों से प्रभावित रहते हैं।
जिला मेमोरियल अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ दिखी। कमरा नंबर दो में एनसीडी चिकित्साधिकारी व चेस्ट फिजिशियन के कक्ष में काफी मरीज दिखे। अर्जुन प्रसाद व संवारे ने बताया कि दो दिनों से पेट में दर्द व दस्त की समस्या है। समस्या ज्यादा बढ़ने पर दवा लेने आए हैं। राधा व पुष्पा ने बताया कि खाना खाते ही उल्टी आ जाती है, भोजन पचता नहीं है। चिकित्सक ने दवा लिखी है। इसी तरह अशरफ, आरिफ व किताबुन्निशा भी चिकित्सक को दिखाने के लिए इंतजार कर रही थीं। चेस्ट फिजिशियन ने बताया कि गर्मी व गर्म हवाओं के कारण उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों को सादा खाना खाने व तली-भुनी पदार्थों का सेवन न करने का सुझाव दिया जा रहा है। कहा कि इस समय सहालग में लोग खाने पर ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को 415 मरीजों की ओपीडी हुई, जिसमें 221 मरीज बुखार, उल्टी व दस्त से प्रभावित दिखे।
खाली पेट घर से बाहर न निकलने का सुझाव
चेस्ट फिजिशियन डॉ. गिरधर चौहान ने बताया कि गर्मी के मौसम में बेवजह बाहर नहीं निकलना चाहिए। यदि जरूरी काम से जाना है तो घर से खाली पेट बाहर न निकलें। ओआरएस का घोल पीकर ही जाएं। साथ में भी बोतल में ओआरएस का घोल रखें। एकाएक धूप से आकर ठंडा पानी पीने से बचना चाहिए। कमजोरी व थकान होने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाना चाहिए।