फोटो-40- श्रीदत्तगंज बाजार में एक्सरें सेंटर सीज कराते एसीएमओ। स्रोत विभाग
बलरामपुर। जिले में फर्जी तरीके से संचालित क्लीनिक व जांच सेंटरों के खिलाफ विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। मंगलवार को श्रीदत्तगंज बाजार में अवैध तरीके से संचालित एक पैथोलॉजी और एक्सरे सेंटर को सील किया गया है। संचालक को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने श्रीदत्तगंज बाजार में जांच अभियान चलाया। स्वास्थ्य टीम को देखकर अफरा-तफरी मच गई। एसीएमओ ने बाजार में संचालित बलरामपुर पैथोलॉजी और एक्सरे सेंटर का निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की। जांच में पाया गया कि जो चिकित्सक यहां पर कार्य कर रहा है, उसका नाम पंजीकरण में दर्ज नहीं है। इसके साथ ही सेंटर पर अप्रशिक्षित स्टाफ कार्य करते मिले। मरीजों के सेहत के साथ खिलवाड़ करना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। इन अनियमितताओं को देखते हुए एसीएमओ ने तत्काल सेंटर को सील करा दिया। सीएमओ मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि संचालक को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब ना मिलने पर संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जिले में बिना पंजीकरण व नियमों के विरुद्ध संचालित चिकित्सालय व पैथोलॉजी सेंटरों की जांच कराई जा रही है।