महदेइया बाजार (बलरामपुर)। श्रीदत्तगंज ब्लॉक स्थित कांदभारी के करबला स्टेडियम में चल रहे सम्राट क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। खिताबी मुकाबले में पठान राइडर्स मधवाजोत ने खरदौरी इलेवन काे 30 रनों से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया। मधवाजोत टीम के खिलाड़ी नितिन फैजाबादी को मैन ऑफ द मैच और अनुराग सिंह को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
फाइनल मैच पठान राइडर्स माधवाजोत व खरदौरी इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर मधवाजोत की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 149 रन बनाए। 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए खरदौरी इलेवन की टीम 11 ओवर में 120 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। फाइनल मुकाबले में पांच विकेट लेने पर नितिन फैजाबादी को मैन ऑफ द मैच तथा टूर्नामेंट में 120 रन बनाने व सात विकेट लेने पर अनुराग सिंह को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने विजेता टीम को 30 हजार रुपये नकद व ट्राॅफी देकर पुरस्कृत किया। वहीं, उपविजेता खरदौरी इलेवन की टीम को ग्राम प्रधान कुलदीप प्रजापति ने 15 हजार रुपये व ट्राॅफी प्रदान की।