बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर खड़े यात्री। संवाद
बलरामपुर। कड़ाके की ठंड में ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से स्टेशन पहुंच रही हैं। इससे रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के इंतजार में मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हमसफर पांच घंटे व चंपारण हमसफर 23 घंटे देरी से बलरामपुर स्टेशन पर रविवार रात में पहुंची। अन्य कई ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं।
अरुण यादव, महेश, दीपक, मनोज व संजय ने बताया कि रविवार को दिल्ली जाने के लिए 12572 हमसफर ट्रेन का टिकट लिया था। कोहरे के कारण हमसफर ट्रेन बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर पांच घंटे देरी से पहुंची। देर रात तक यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। राकेश, मनीष व सोनू ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए 15706 चंपारण हमसफर ट्रेन का टिकट लिया था। कोहरे के कारण यह ट्रेन 23 घंटे लेट थी। ट्रेन की लेट-लतीफी के चलते घर वापस लौट आए।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एनईआर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे की समस्या से निपटने के लिए ट्रेनों में फॉग लाइटें लगाई गई हैं। अधिक कोहरा होने पर फॉग लाइट भी कार्य नहीं कर पाती हैं, इसके चलते ट्रेनें देरी से संचालित हो रही हैं।
इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें पहुंचीं लेट
सोमवार सुबह 15070 इंटरसिटी ट्रेन करीब 30 मिनट बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर देरी से पहुंची। 15082 गोमती नगर एक्सप्रेस सोमवार को बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर 40 मिनट देर से पहुंची। 15069 इंटरसिटी भी बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर 40 मिनट देरी से पहुंची।