बलरामपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पास सहित जिले के चार ग्रामीण बाजारों में यात्री शेल्टर बनाने की तैयारी है। ऐसे में रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को गर्मी, सर्दी और बरसात में शेल्टर में बैठने की सुविधा मिल जाएगी।
बलरामपुर से देवीपाटन 28 किलोमीटर दूर है। तुलसीपुर से हरैया पांच किलोमीटर, बलरामपुर से महराजगंज तराई 25 किलोमीटर व महराजगंज से शिवपुरा 16 किलोमीटर दूर है। शक्तिपीठ देवीपाटन के पास एक यात्री शेल्टर बना हुआ था, जो सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। इन सभी स्थानों से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोग यात्रा करते हैं। इन जगहों पर अब यात्री शेल्टर बनाने की कवायद शुरू हो चुकी है। जाहिद अली वारसी उर्फ गोपी ने जन सुनवाई पोर्टल पर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पास सहित महराजगंज तराई, हरैया व शिवपुरा में यात्री शेल्टर न होने की शिकायत की थी। इन स्थानों पर यात्री शेल्टर न होने से मुसाफिरों को खुले आसमान के नीचे खड़ा होना पड़ता है।
-चारों स्थानों पर यात्री शेल्टर का निर्माण कराने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम देवीपाटन क्षेत्र को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद इन स्थानों पर यात्री शेल्टर का निर्माण कराया जाएगा।
-वीके वर्मा, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक