-बलरामपुर के कालीथान गांव में ई-क्राप सर्वे करते कर्मचारी।
बलरामपुर। ई-क्राॅप सर्वे करने से पंचायत सहायकों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। पंचायत सहायकों ने मोबाइल रिचार्ज का पैसा व मोबाइल चार्जिंग के लिए पावर बैंक दिलाए जाने की मांग की है। उधर विभागीय अधिकारी सर्वे करने के लिए पंचायत सहायकों पर तमाम तरह के दबाव बना रहे हैं।
पंचायत सहायक शिवानी गिरि, अनिल कुमार, पुष्पा वर्मा, प्रमोद कुमार, संगीता वर्मा व मोनू जायसवाल ने बताया कि ई क्राॅप सर्वे करने के लिए उनपर दबाव बनाया जा रहा है। विभागीय अधिकारी कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं। पंचायत सहायकों का कहना है कि पिछली बार डीपीआरओ ने मोबाइल रिचार्ज का पैसा व पावर बैंक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। हम लोगों ने सर्वे किया भी था, लेकिन कोई पैसा नहीं मिला।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वैसे तो ई क्राॅप सर्वे के लिए सात विभागों के 855 कर्मचारियों की टीम लगाई गई है, लेकिन इसमें सबसे ज्यादा 391 पंचायत सहायकों की ड्यूटी लगाई गई है। अन्य विभागों के कर्मचारियों की संख्या कम है। यदि मोबाइल रिचार्ज का पैसा व पावर बैंक नहीं दिया गया तो पंचायत सहायक ई-क्राॅप सर्वे का बहिष्कार करेंगे। विरोध के चलते पंचायत सहायकों ने लक्ष्य के सापेक्ष अब तक सिर्फ 7.15 प्रतिशत गाटा का ही सर्वे किया गया है।
विभागीय अधिकारियों को लिखा गया पत्र
ई क्राॅप सर्वे के लिए सात विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। कर्मचारियों से ई क्राॅप सर्वे में सहयोग करने के लिए संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष को पत्र लिखा गया है।
- नरेंद्र कुमार, उप निदेशक कृषि