बलरामपुर। डायरिया से प्रभावित सात गांवों में स्वास्थ्य टीमें तैनाती कर दी गई हैं। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने पंचायती राज विभाग व नगर निकायों के ईओ को साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी है। डायरिया से प्रभावित गांवों में संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।
सीडीओ ने बताया कि डायरिया प्रभावित सदर ब्लॉक के हंसुआडोल गांव में डॉ. जावेद अख्तर की 11 सदस्यीय टीम को मरीजों का इलाज कराने की जिम्मेदारी दी गई है। हरैया सतघरवा ब्लॉक के ग्राम भितवरिया कला के मजरा चौबे बिथुरिया में डॉ. प्रणव पांडेय की छह सदस्यीय, लंबीकोहल के मजरा चेतिया में सात सदस्यीय व ग्राम लक्ष्मनपुर धर्मपुर के मजरा मेड़ईडीह में चार सदस्यीय टीम तैनात की गई है। तुलसीपुर के ग्राम गुलरिहा हिसामपुर में तीन सदस्यीय और बनघुसरा के मजरा जहानडीह व बनघुसरा में छह सदस्यीय टीम डॉ. सुमंत सिंह चौहान के नेतृत्व में तैनात की गई है।
बाढ़ व बारिश के बाद गांवों व शहरों में साफ-सफाई के सुझाव दिए गए हैं। पंचायती राज विभाग व नगरों के सफाई कर्मचारियों को साफ-सफाई के साथ ब्लीचिंग पावडर व चूने का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने तीनों ब्लॉकों के बीडीओ व एडीओ पंचायतों को प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस कार्य में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।