बलरामपुर के विकास भवन में डीपीएम संदीप कश्यप को ज्ञापन सौंपते पंचायत सहायक।-
बलरामपुर। बकाया मानदेय व पंचायत भवन में समस्याओं को लेकर बुधवार को पंचायत सहायक विकास भवन में एकत्र हुए। उन्होंने मांगों के समर्थन में डीपीएम संदीप कश्यप को ज्ञापन सौंपा। मांगें पूरी न होने पर विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जिले के नौ ब्लॉकों के पंचायत सहायक यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष विकास भवन पहुंचे। पंचायत सहायक यूनियन बलरामपुर से टीम की अगुवाई कर रही शिवानी गिरि ने बताया कि जिले के 800 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2021 में पंचायत सहायकों की नियुक्तियां हुईं थीं। पंचायत सहायकों को गांव में लोगों की आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य योजनाओं के लिए पात्रों का पंजीकरण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। लेकिन अधिकतर गांवों के पंचायत भवन में बिजली, पानी व इंटरनेट की सुविधा नहीं है।
पंचायत सहायकों ने बकाया मानदेय भुगतान, प्रत्येक माह में एक से पांच तारीख के बीच मानदेय का भुगतान, ग्राम पंचायत के समस्त अभिलेख पंचायत सचिवालय में रखने, पंचायत भवन में कॉमन सर्विस सेंटर की आईडी को क्रियाशील करने के साथ ही अन्य सुविधाएं देने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सीमा देवी, बिंदा पासवान, मोनू जायसवाल, रागिनी, दिनेश कसौधन, पीयूष मिश्रा, पुनीत कुमार, नीलू कश्यप, पीतांबरनाथ, लक्ष्मी गौतम सहित तमाम पंचायत सहायक मौजूद रहे।