बलरामपुर। रमजान का पाक महीना हर साल आता है और अपने साथ बरकतें भी लाता है। एक महीने का रोजा सिर्फ बालिग लोगों पर फर्ज किया गया है। रोजा सेहत का दुरुस्त रखने का फार्मूला भी पेश करता है।
ये बातें शुक्रवार देर रात नगर के मोहल्ला बलुहा स्थित कालिया मस्जिद में तरावीह की नमाज मुकम्मल होने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए खानदाने सरकार फजले रहमा आस्ताने आलियागंज मुरादाबाद के पीरजादे भय्यू मियां ने कहीं। उन्होंने कहा कि साल भर में कमाई हुई दौलत का ढाई प्रतिशत जकात निकालकर गरीबों में बांट देना चाहिए।
पीरजादे सूफी मियां और साफी मियां ने कहा कि इस मुकद्दस महीने में रोजा रखने के साथ-साथ पांचों वक्त की नमाज और अल्लाह की इबादत करते रहिए। रोजा रहकर इधर-उधर फालतू की बातों में समय न बर्बाद करें। रोजा इफ्तार के बाद अल्लाह की इबादत के लिए तरावीह की नमाज अवश्य पढ़ें। रहमानी नौजवान कमेटी बलुहा के लोगों ने तरावीह की नमाज पढ़ाने वाले मौलाना अमीर हमजा को माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया। नमाज के बाद सभी लोगों ने मुल्क में अमन-चैन व शांति के लिए दुआ मांगी।