फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: दो दिनों में 34 एमएम बारिश से धान की फसल पर संकट

Sat, 31 Oct 2026 10:38 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-23-बलरामपुर के हरैया सतघरवा में गिरी धान की फसल ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। अक्तूबर के आखिरी दिनों में हुई बेमौसम बारिश ने जिले में धान की फसल पर संकट बढ़ा दिया है। दो दिनों में 34 मिलीमीटर बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल के साथ ही कटाई के बाद खुले में रखे धान भी भीग गए हैं। इससे धान के दानों में नमी बढ़ने, रंग बदलने और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। किसानों के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर खेतों में तैयार खड़ी फसल को जल्द काटकर सुरक्षित करना है, वहीं दूसरी ओर भीगे धान को सुखाकर सरकारी क्रय केंद्रों के मानकों के अनुरूप तैयार करना है। गुणवत्ता जांच में धान निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा तो किसानों को क्रय केंद्रों से लौटना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में उन्हें स्थानीय व्यापारियों को कम कीमत पर उपज बेचने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
विज्ञापन


कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस खरीफ सीजन में जिले में 1,34,005 हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की खेती हुई है। इसमें 30,532 हेक्टेयर में ग्रेड-ए और 1,03,473 हेक्टेयर में हाइब्रिड धान की खेती शामिल है। जिले में इस वर्ष 41,55,820 क्विंटल धान उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार के मुताबिक, 30 अक्तूबर तक जिले में करीब 10 से 15 प्रतिशत धान की कटाई ही हो पाई थी। इस हिसाब से लगभग 13,400 से 20,100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की कटाई हुई थी, जबकि करीब 1.14 से 1.21 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसल खेतों में खड़ी थी। यानी जिले के कुल धान क्षेत्रफल का लगभग 85 से 90 प्रतिशत हिस्सा कटाई के इंतजार में था। ऐसे में दो दिनों में हुई 34 मिलीमीटर बारिश से बड़ी मात्रा में तैयार फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

जिले में 98,632 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ने की खेती भी हुई है। हवा नहीं चलने से फिलहाल गन्ने की फसल को नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि, दो दिनों की बारिश से जिले में कितने हेक्टेयर फसल को वास्तविक नुकसान हुआ है, इसका आकलन कृषि विभाग के सर्वे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इससे पहले हुई बारिश और जलभराव के कारण धान की करीब तीन से चार प्रतिशत फसल क्षतिग्रस्त होने का प्रारंभिक आकलन सामने आया था। जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि हालिया बारिश से जिले में एक से दो प्रतिशत तक फसल को नुकसान होने की आशंका है। जल्द ही सर्वे पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन


नमी बढ़ी तो सरकारी केंद्रों पर अटक सकती है खरीद

बारिश में भीगने के बाद धान के दानों में नमी बढ़ जाती है। समय पर पर्याप्त रूप से नहीं सुखाने से दाने सिकुड़ सकते हैं और उनका रंग बदल सकता है। इससे धान की चमक, गुणवत्ता और भंडारण क्षमता प्रभावित हो सकती है। सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की गुणवत्ता के साथ ही नमी की भी जांच की जाती है। सामान्य धान के लिए नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित है। इससे अधिक नमी मिलने पर किसान को धान सुखाकर दोबारा क्रय केंद्र पर लाने के लिए कहा जा सकता है। ऐसे में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। बारिश के बाद धान को पर्याप्त समय तक सुखाना और क्रय केंद्र पर ले जाने से पहले उसकी नमी की जांच करना जरूरी होगा। जिले में खरीफ विपणन सत्र के लिए 24 धान क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

कृषि विशेषज्ञों की सलाह जरूरी

कृषि विशेषज्ञ डॉ. उपेंद्र सिंह का कहना है कि बारिश रुकने के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। धान को खुले में ढेर लगाकर रखने के बजाय तिरपाल पर या छायादार स्थान पर फैलाकर सुखाएं, ताकि उसमें नमी न बनी रहे। गीले धान को बिना सुखाए भंडारित करने से उसकी गुणवत्ता और भंडारण क्षमता प्रभावित हो सकती है।

बारिश और हवाओं से बिजली व्यवस्था भी बेपटरी

बारिश का असर खेती के साथ ही बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। रेहराबाजार क्षेत्र की 81 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण चार लाख से अधिक आबादी को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। क्षेत्रवासी रामदीन, संतराम, रामप्रकाश, रामनेवास और शब्बीर कादरी ने बताया कि लगातार बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की चिंता सता रही है। किसान कटाई और मड़ाई को लेकर परेशान हैं। बिजली नहीं आने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

हरैया सतघरवा क्षेत्र में भी 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उदईपुर, गनवरिया, चौधरीडीह, बरदौलिया, मोतीपुर कला, हसनपुर, भगवानपुर, धन्नीडीह, सिकंदर बोझी, लखनीपुर, रतनवा, बिनुहनी और भवानीडीह समेत करीब 150 गांवों में बिजली गुल रही। उपभोक्ता रमेश कुमार, अशोक कुमार, कंधई लाल, राजीव कुमार और राधेश्याम ने बताया कि बिजली नहीं आने से मोबाइल चार्ज करने से लेकर घरेलू कामकाज तक में दिक्कत हो रही है।

महाराजगंज तराई क्षेत्र में तुलसीपुर विद्युत उपकेंद्र के हरैया फीडर से जुड़े करीब 20 गांवों में भी 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रही। बदलपुर, उदईपुर, छतुवापुर, दुदुरा, खैरी, खैरा, केवलपुर बड़वा, कोहरौड़ा, अलाहडीह, प्रेमनगर, मदरहवा, लालनगर, सिपहिया, रतनपुर, जुम्मनडीह, महादेव और जमुनी समेत अन्य गांवों के लोग परेशान रहे। उपभोक्ता बालमुकुंद, अशोक कुमार, प्रभुदयाल, पप्पू और अजीज ने बताया कि बिजली नहीं आने से मोबाइल चार्ज कराने के लिए नजदीकी चौराहों पर अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

11 केवी लाइन में ब्रेकडाउन, पेट्रोलिंग जारी

तुलसीपुर उपकेंद्र के जेई धर्मात्मा गौड़ ने बताया कि हरैया फीडर की 11 केवी लाइन में ब्रेकडाउन हुआ है। कर्मचारियों से लाइन की पेट्रोलिंग कराई जा रही है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि बारिश और हवाओं के चलते कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। विभाग की ओर से आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।

फोटो-23-बलरामपुर के हरैया सतघरवा में गिरी धान की फसल ।-संवाद

फोटो-23-बलरामपुर के हरैया सतघरवा में गिरी धान की फसल ।-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें