बलरामपुर के उतरौला में अतिक्रमण के कारण लगे जाम में फंसे लोग
- फोटो : BALRAMPUR
उतरौला (बलरामपुर)। जाम के झाम से जूझ रहे उतरौला नगरवासियों में भारी आक्रोश है। नगरवासियों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। नगरवासियों का आरोप है कि सड़क की पटरियां अवैध कब्जे का शिकार हैं जिसके चलते जाम की समस्या हर रोज होती है।
नगरवासी उतरौला राम कृपाल, मनोज, सोनू, राजू, मनीष व दीपक आदि ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि नगर में जाम की समस्या लाइलाज हो गई है। नगरवासियों को अब रोजाना जाम के समस्या से जूझना पड़ रहा है। नगर के मुख्य मार्ग हाटन रोड, ज्वाला महारानी मंदिर व श्याम प्रसाद मुखर्जी चौराहा आदि प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या विकराल हो चुकी है।
सड़क की पटरियों पर ठेले व गुमटी वालों का अवैध कब्जा है। उतरौला एसडीएम से कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। नगर के लोगों ने समस्या से निजात दिलाने की मांग डीएम से की है। शीघ्र समस्या का निराकरण न होने पर नगरवासियों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। डीएम कृष्णा करुणेश ने उतरौला एसडीएम अरुण कुमार गौड़ को निर्देश दिया है कि नगरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अभियान चलाएं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें।