बलरामपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। उतरौला विकास मंच के अध्यक्ष आदिल हुसैन के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा और बकाया गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।
एडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में मंच के अध्यक्ष व किसानों ने कहा है कि बजाज चीनी मिल ईटईमैदा की तरफ से करोड़ों रुपये को भुगतान नहीं किया जा रहा है। गत व वर्तमान पेराई सत्र के गन्ना मूल्य का भुगतान न होने से किसानों को दर दर भटकना पड़ रहा है। बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने के लिए किसानों ने कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन मिल प्रबंधन की तरफ से भुगतान नहीं किया जा रहा है। शीघ्र बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर किसानों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा को किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने का निर्देश दिया है।
वहीं रेहरा बाजार में भी किसानों ने समिति के खिलाफ विरोध जताया। किसान राम बहादुर वर्मा, रामलाल, प्रदीप सिंह, संतोष वर्मा, अर्जुन सिंह, निरंकार सिंह, राम गोपाल, मेवालाल, राम प्रकाश, रंजीत, रतीराम, रंगीलाल, फते बहादुर, राजेंद्र व लाल बाबू आदि ने धरने को संबोधित किया। किसानों ने उपज व रकबा के हिसाब से पर्ची दिलाने, बांडिंग की व्यवस्था शुरू कराए जाने आदि की मांग की है।
मनकापुर गन्ना समिति के सचिव विक्रम बहादुर सिंह ने बताया कि किसानों गन्ना कोटे पर 85 प्रतिशत बढ़ोत्तरी लागू की गई है। पर्ची समाप्त होने पर रीसर्वे कराया जाएगा और बचा हुआ गन्ना खरीदा जाएगा। जब तक सभी किसानों का गन्ना नहीं खरीद लिया जाएगा तब तक मिल को बंद नहीं होने दिया जाएगा।