बलरामपुर। नेपाल सीमा से तस्करी व अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए अब पुलिस ने ऑपरेशन कवच तैयार किया है। इसके माध्यम से दूसरे देश से आवागमन करने वालों पर निगरानी के साथ ही अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा को लेकर तैयार योजना की एसपी खुद मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
नेपाल सीमा से आए दिन तस्करी की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। इसके अलावा वन क्षेत्र में अवैध कटान व शिकार की भी सूचनाएं आ रही थीं। बीते दिनों डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल की समीक्षा में भी तस्करी का मामला आया था। इस पर सीमा से सटे थानों के पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करने को कहा गया था।
अब पुलिस ने ऑपरेशन कवच शुरू किया है। इसके तहत सीमा से सटे पचपेड़वा, जरवा, गैसड़ी, हरैया व तुलसीपुर थाने के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले 73 गांवों को चिह्नित किया गया है। इन गांवों में दस-दस लोगों की सुरक्षा समिति का गठन किया गया है। जिनकी मदद से पुलिस अधिकारी अब सीमावर्ती इलाकों में हर तरह के अपराध व अपराधियों की सक्रियता पर नजर रख सकेंगे।
एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन कर दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे भी लगवाने की योजना है। डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सीमा सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है। एसपी व सीओ स्तर के अधिकारियों को समिति के सदस्यों से फीडबैक लेकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है।