पेज पांच बॉटम
कोविड-19 वैक्सीन लगवाने पर ही मिलेगी हज यात्रा की अनुमति
आवेदन के समय जमा करना होगा तीन सौ रुपये प्रोसेसिंग शुल्क
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। हज यात्रा 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोग 20 दिसंबर तक हज कमेटी के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान सिर्फ तीन सौ रुपये प्रोसेसिंग शुल्क ही जमा करना होगा। यह जानकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य ने दी।
उन्होंने बताया कि लोगों को हज यात्रा कराने के लिए जिला स्तर पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 4 दिसंबर से शुरू हुई है। आवेदन करने से पूर्व संबंधित आवेदक के पास ऐसा अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट होना जरूरी होगा, जिसकी वैधता अवधि 31 जनवरी 2025 तक मान्य हो। इसके साथ ही हज यात्रा के लिए आवेदन करने वाले आवेदक को कोविड-19 से बचाव का टीका लगा होना भी अनिवार्य किया गया है। आवेदक को इसका प्रमाण पत्र भी आवेदन पत्र के साथ अपलोड करना होगा।
बुजुर्ग आवेदक साथ ले जा सकेंगे एक मददगार
बताया कि हज यात्रा के आवेदकों का जिला स्तर पर शिविर लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा। इस दौरान जिस आवेदक की आयु 70 वर्ष से अधिक होगी, उन्हें यात्रा में मदद के लिए एक सहयोगी भी साथ में ले जाने की अनुमति दी जाएगी।
पंजीकरण के लिए बने तीन ई-सुविधा केंद्र
जिले में हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना जरूरी है। पंजीकरण कराने में लोगों को सुविधा न हो, इसके लिए अल्पसंख्यक विभाग की तरफ से तीनों तहसील क्षेत्र में तीन हज ई-सुविधा केंद्र बनाए गए हैं। बलरामपुर में मदरसा जामिया अरबिया अनवारूल कुरान में बनाए गए ई-सुविधा केंद्र का नोडल अधिकारी प्रधानाचार्य मोहम्मद मसीह अहमद कादरी को बनाया गया। इसी तरह उतरौला में केजी इंटर कॉलेज तथा तुलसीपुर में मदरसा जामिया अरबिया मदारूल उलूम विशुनपुर टनटनवा पचपेड़वा में आवेदन के लिए ई-सुविधा केंद्र बनाया गया है।